दमोह जिले के हटा थाना में पदस्थ नगर निरीक्षक सुधीर कुमार बेगी एवं उनकी धर्मपत्नी सरिता बेगी ने मानवता और सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए तीन जरूरतमंद बेटियों के विवाह में सहयोग प्रदान कर समाज के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। जनसहयोग से एकत्रित राशि के माध्यम से तीनों बेटियों को गृहस्थी का आवश्यक सामान भेंट किया गया, जिससे उनके विवाह की तैयारियों में काफी मदद मिली।
Bignews24
जानकारी के अनुसार, पथरिया निवासी रामकली बंसल, ग्राम आंजनी की नेहा अहिरवार तथा बरी कनोरा की प्रभा अहिरवार आर्थिक तंगी के चलते विवाह की तैयारियों को लेकर चिंतित थीं। इनमें से रामकली और प्रभा के पिता का निधन हो चुका है, जिससे परिवार की जिम्मेदारियां और बढ़ गई थीं।
जब इस स्थिति की जानकारी नगर निरीक्षक सुधीर कुमार बेगी को मिली, तो उन्होंने समाजसेवियों और जनसहयोग के माध्यम से बेटियों की सहायता का बीड़ा उठाया। सहयोग के तहत पलंग, अलमारी, सोफा, बर्तन, कूलर, साड़ी, लहंगा सहित गृहस्थी के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई।
सहायता प्राप्त कर बेटियों और उनके परिजनों ने भावुक होकर नगर निरीक्षक दंपति एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर नगर निरीक्षक बेगी ने कहा कि समाज के सक्षम लोगों को जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए आगे आना चाहिए, ताकि किसी बेटी के विवाह में आर्थिक अभाव बाधा न बने।
स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे पुलिस की संवेदनशीलता, मानवीय सोच और सामाजिक प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। खाकी के इस मानवीय चेहरे ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के दुख-दर्द में सहभागी बनकर लोगों का भरोसा भी जीत रही है।
BIGNEWS 24 ( नितिन सिंह राजपूत हटा )

Bignews24
जहाँ खबर, वहाँ BIGNEWS 24
