भैंस के आगे बीन बजाकर संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने जताया विरोध, स्थायीकरण की मांग तेज

Bignews24

दमोह।

स्वास्थ्य विभाग के संविदा कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल सातवें दिन भी जारी रही। अपनी लंबित मांगों को लेकर कर्मचारियों ने मंगलवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। जिला अस्पताल परिसर से जुड़े संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने शहर के अंबेडकर चौक पर एकत्र होकर “भैंस के आगे बीन बजाओ” कार्यक्रम आयोजित किया और शासन-प्रशासन का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करने का प्रयास किया।

प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने प्रतीकात्मक रूप से भैंस के सामने बीन बजाई तथा उसे चारा भी खिलाया। कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से नियमितीकरण (स्थायीकरण) की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों पर अब तक कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई है।

हड़ताली कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि शासन और प्रशासन उनकी समस्याओं की लगातार अनदेखी कर रहे हैं। उनका कहना है कि पिछले कई दिनों से वे शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन और प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन उनकी आवाज सुनने वाला कोई नहीं है। इसी कारण उन्होंने सांकेतिक रूप से यह अनोखा प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में एक ज्ञापन भी संबंधित अधिकारियों को सौंपा। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और अधिक व्यापक रूप दिया जाएगा।

संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की प्रमुख मांग उन्हें स्थायी कर्मचारी का दर्जा देने की है। कर्मचारियों का कहना है कि वे वर्षों से स्वास्थ्य सेवाओं में अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं, इसलिए उन्हें नियमित कर्मचारियों के समान सुविधाएं और सुरक्षा मिलनी चाहिए।

रिपोर्ट: महेंद्र सिंह परिहार

दमोह

Bignews24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *