दमोह। शहर के कसाई मंडी स्थित नूरी नगर क्षेत्र में गोवंश हत्या के वीडियो वायरल होने और मौके से गोवंश के अवशेष मिलने के बाद मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा था। घटना को लेकर हिंदू संगठनों द्वारा विभिन्न स्तरों पर विरोध प्रदर्शन कर प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई थी।
मामले में प्रशासन द्वारा कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद संबंधित विभागों ने भी क्षेत्र में कार्रवाई की। विद्युत मंडल, नगर पालिका और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा क्षेत्र में अवैध बिजली कनेक्शनों को काटने के साथ ही अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान जेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटाए गए। वहीं क्षेत्र में संचालित मीट की दुकानों को भी बंद कराया गया।
इसी क्रम में पुलिस ने गोवंश हत्या के मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में न्यायालय तक पहुंचाया। पुलिस द्वारा आरोपियों को जुलूस के रूप में न्यायालय ले जाने का वीडियो भी सामने आया है।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ के साथ ही प्रकरण से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
स्थानीय स्तर पर इस कार्रवाई को लेकर हिंदू संगठनों और क्षेत्रवासियों में भी चर्चा बनी हुई है। प्रशासन और पुलिस द्वारा मामले में आगे भी कार्रवाई किए जाने की संभावना है।
