दमोह में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, डोमिनोज़ पिज्जा सेंटर का लाइसेंस सस्पेंड

वेज-नॉनवेज फूड की तैयारी और स्टोरेज में मिली खामियां, चीज, सॉस और क्रीम के सैंपल जांच के लिए भेजे

दमोह। शहर में खाद्य सुरक्षा को लेकर खाद्य विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डोमिनोज़ पिज्जा सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम को खाद्य पदार्थों की तैयारी, स्टोरेज और वेज-नॉनवेज फूड को लेकर कई खामियां मिलीं।

खाद्य विभाग के निरीक्षण में सामने आया कि एक ही किचन में वेज और नॉनवेज फूड तैयार किया जा रहा था। इसके अलावा वेज और नॉनवेज खाद्य सामग्री को एक ही फ्रीजर में रखा गया था। दोनों प्रकार के खाद्य पदार्थों के लिए एक ही ओवन और एक ही स्थान से सामग्री का उपयोग किए जाने की बात भी सामने आई।

बताया गया कि एक ग्राहक को वेज की जगह नॉनवेज फूड की डिलीवरी किए जाने की शिकायत/घटना के बाद भी खाद्य सुरक्षा से जुड़े मानकों को लेकर सवाल उठे। निरीक्षण के दौरान नॉनवेज खाद्य पदार्थों के लिए आवश्यक रेड लेवल स्टीकर भी उपलब्ध नहीं पाए गए।

खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा गुणवत्ता संबंधी किसी भी आशंका की जांच के लिए खाद्य विभाग की टीम ने चीज, सॉस और क्रीम के सैंपल लिए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

खाद्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए डोमिनोज़ पिज्जा सेंटर का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया है और नोटिस जारी किया है। प्रयोगशाला जांच की रिपोर्ट सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद शहर में खाद्य प्रतिष्ठानों की स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा और वेज-नॉनवेज खाद्य पदार्थों के अलग-अलग रखरखाव को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *