दमोह में मोटीफाइड साइलेंसर पर चला बुलडोजर, 100 से ज्यादा उपकरण किए गए नष्ट

एसपी आनंद कलादगी के निर्देशन में बड़ी कार्रवाई, हूटर और प्रतिबंधित हॉर्न भी किए गए नष्ट; दो माह से चल रहा था अभियान

दमोह। शहर में बुलेट समेत अन्य वाहनों में मोटीफाइड साइलेंसर, हूटर और प्रतिबंधित हॉर्न लगाने वालों के खिलाफ दमोह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पिछले दो माह से अधिक समय में वाहन चेकिंग के दौरान जब्त किए गए 100 से ज्यादा मोटीफाइड साइलेंसर, हूटर और प्रतिबंधित हॉर्न को बुलडोजर चलाकर नष्ट कर दिया।

उत्कृष्ट विद्यालय के सामने हुई कार्रवाई

पुलिस ने यह कार्रवाई उत्कृष्ट विद्यालय, वीआईपी रोड के सामने की। मौके पर पुलिस अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। बुलडोजर से प्रतिबंधित उपकरणों को नष्ट किए जाने की कार्रवाई देखने के लिए बड़ी संख्या में राहगीर भी मौके पर जुट गए।

एसपी ने दिया सख्त कार्रवाई का संदेश

कार्रवाई एसपी आनंद कलादगी और एएसपी सुजीत सिंह भदौरिया के नेतृत्व में की गई। एसपी ने स्पष्ट किया कि वाहनों में अवैध या प्रतिबंधित साइलेंसर, हूटर और तेज आवाज करने वाले उपकरण लगाने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

पुलिस का यह अभियान मुख्य रूप से ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ है, जो मॉडिफाइड साइलेंसर और तेज आवाज वाले उपकरणों के जरिए सड़क पर शोर और ध्वनि प्रदूषण बढ़ाते हैं।

दमोह में पदस्थ होने के बाद एसपी ने कही थी कार्रवाई की बात

एसपी आनंद कलादगी ने दमोह में पदस्थ होने के बाद मोटीफाइड साइलेंसर और तेज आवाज वाले प्रतिबंधित उपकरणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही थी। इससे पहले उनके निर्देशन में इंदौर में भी मोटीफाइड साइलेंसर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की जा चुकी है।

पुलिस की कार्रवाई की लोगों ने की सराहना

कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की। लोगों का कहना है कि मोटीफाइड साइलेंसर और तेज आवाज वाले हॉर्न के कारण सड़क पर आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में इन उपकरणों को नष्ट करने की कार्रवाई से वाहन चालकों में भी कानून का डर पैदा होगा।

कार्रवाई के दौरान सीएसपी एचआर पांडे, कोतवाली टीआई मनीष कुमार, यातायात थाना प्रभारी दलवीर सिंह मार्को सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

पुलिस ने साफ कर दिया है कि मोटीफाइड साइलेंसर, हूटर और प्रतिबंधित हॉर्न के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *