कलेक्ट्रेट मारपीट कांड: मुख्य आरोपी अब भी फरार, पत्रकारों में रोष
सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट से बढ़ा विवाद, पत्रकारों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
दमोह। जिले के समस्त पत्रकारों ने दमोह में पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर
11 फरवरी 2026 को कलेक्ट्रेट परिसर में पत्रकारों के साथ हुई अभद्रता एवं मारपीट की घटना के
मुख्य आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि घटना के संबंध में कोतवाली थाना में प्रकरण दर्ज है, लेकिन आरोपी अब तक पुलिस गिरफ्त से बाहर है।

पत्रकारों का आरोप है कि फरार रहने के बावजूद आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार भड़काऊ, जातिगत वैमनस्यता फैलाने वाली तथा सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने वाली पोस्ट साझा कर रहा है, जिससे जिले की शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।
पत्रकारों ने कहा कि घटना के बाद भी आरोपी का खुलेआम सक्रिय रहना पत्रकार समुदाय में असुरक्षा और रोष की भावना पैदा कर रहा है। उन्होंने मांग की कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की जाए तथा साइबर सेल के माध्यम से उसकी सोशल मीडिया आईडी तत्काल ब्लॉक कराई जाए। साथ ही, भड़काऊ पोस्ट साझा करने पर आईटी एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में अतिरिक्त कार्रवाई किए जाने की भी मांग की गई।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं की गई तो जिले के पत्रकार कलमबंद आंदोलन करने को बाध्य होंगे ?
